उत्तराखंड

उत्तरकाशी में भीषण हादसा, यमुनोत्री जा रही 28 यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 25 की मौत

यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डामटा के पास चारधाम यात्रियों की एक बस खाई में गिर गई। बस में मध्‍य प्रदेश के तीर्थयात्री और ड्राइवर सहित 30 लोग सवार थे। हादसे में 25 लोगों की मौत हुई है। दुर्घटना यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डामटा और बर्नीगाड के बीच हुई है। रविवार शाम करीब सवा सात बजे यमुनोत्री धाम से 70 किलोमीटर पहले डामटा के पास यह हादसा हुआ।

अब तक 24 तीर्थ यात्रियों के शवों को निकाला गया है। दो घायलों को हायर सेंटर मैक्स हॉस्पिटल देहरादून रैफर किया गया। अन्‍य घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए डामटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया है। दुर्घटना की प्रारंभिक वजह चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त बस का बिना रुके यह तीसरा ट्रिप था।

पीएम मोदी ने व्यक्त की शोक संवेदना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हुआ बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है. इसमें जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मैं अपनी शोक-संवेदना व्यक्त करता हूं. राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन मौके पर हरसंभव सहायता में जुटा है.

पीएम ने की आर्थिक सहायता की घोषणा

उत्तरकाशी में हुए बस हादसे पर पीएम मोदी ने दुख व्यक्त किया है. साथ ही हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की है.

अमित शाह ने जताया दुख

हादसे के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में श्रद्धालुओं की बस के खाई में गिरने की सूचना अत्यंत दुःखद है. इस पर मैंने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जी से बात की है. स्थानीय प्रशासन और SDRF की टीमें बचाव कार्य में लगी हुई हैं. घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया जा रहा है. NDRF भी शीघ्र वहां पहुंच रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *